पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का सफल आयोजन

शिविर में 656 पशुओं का किया गया उपचार, दी दवाइयां

अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र में पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया जिसमें पशुपालकों को संबंधित विभिन्न जानकारी दी गई और पशुओं का निशुल्क उपचार किया गया साथ ही गोष्ठी का आयोजन पर विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।

अलीगंज के ग्राम पंचायत नगला उम्मेद मे विकासखंड स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का आयोजन वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. हेमेंद्रलाल (पशुचिकित्साधिकारी, अंगरैया) के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के सुपुत्र एवं विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राठौर तथा ग्राम प्रधान लोकपाल सिंह शाक्य द्वारा गौ पूजन एवं फीता काटकर किया गया।

इसके पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों पशुपालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिविर में कुल 656 पशुओं का उपचार किया गया। इनमें कृत्रिम गर्भाधान 16, बधियाकरण 43, कृमिनाशक दवा पान 403, सामान्य सर्जरी 2, छोटे पशुओं में कृमिनाशक दवा पान 74 तथा बांझपन उपचार 118 शामिल रहे।

इस अवसर पर पशुओं की समस्त चिकित्सा सेवाएं जैसे कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, सामान्य उपचार, पेट के कीड़ों की दवा तथा किलनी नियंत्रण की दवा आदि निशुल्क प्रदान की गईं। पशुपालकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए एक पशुपालक गोष्ठी भी आयोजित की गई।

गोष्ठी में उपमुख्य पशुचिकित्साधिकारी अलीगंज डॉ. रविकांत ने पशुपालकों को विभाग की प्रमुख योजनाओं सहभागिता योजना, पराली के बदले गोबर खाद निर्माण, सड़क किनारे आवारा गौवंश में रेडियम कॉलर लगाने जैसी नवाचार योजनाओं के बारे में जानकारी दी। डॉ. गौरव गंगवार ने पशुओं की सामान्य देखरेख, पोषण एवं संतुलित आहार पर विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. सौरभ कुलश्रेष्ठ ने पशुओं की सामान्य बीमारियों से बचाव के उपाय बताए, जबकि डॉ. गौरव तेवतिया ने बांझपन की समस्या के कारणों व उसके उपचार पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. विनय पाल सिंह ने थनैला रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के बारे में उपयोगी जानकारी दी। इस अवसर पर समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी सहित कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *