किशोर की संदिग्धावस्था में मौत,पानी की टंकी के नीचे मिला शव,हत्या की आशंका

गोण्डा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के नक़हरा गांव में रविवार को एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किशोर का शव गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर एक पानी की टंकी के नीचे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शिवा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोप सराय गांव का रहने वाला है।

मृतक की फाइल फोटो

बताया गया कि शिवा शनिवार की रात से ही घर से लापता था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे, इसी दौरान नक़हरा गांव स्थित पानी की टंकी के नीचे उसका शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस जांच में सामने आया है कि पानी की टंकी के ऊपर शिवा का जैकेट और मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शिवा को टंकी के ऊपर ले जाकर नीचे फेंका गया हो। घटना को लेकर हत्या समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

सूचना पर नवाबगंज पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। बताया गया कि मृतक शिवा के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं, जबकि शिवा गांव में ही रह रहा था। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों को अवगत करा दिया गया है।

फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। गांव में घटना को लेकर दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। थानाध्यक्ष अभय सिंह का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *