मेघना और रुद्र के प्रताप से दो शावकों का आगमन हुआ! टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में हर्ष का माहौल।

टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, जमशेदपुर : मेघना बाघिन ने टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, जमशेदपुर में दो शावकों को जन्म दिया है। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, जमशेदपुर के लिए यह अत्यंत खुशी और गर्व का क्षण है कि यहां की बाघिन मेघना ने दो स्वस्थ शावकों को जन्म दिया।

उल्लेखनीय है कि मेघना का नामकरण चिड़ियाघर द्वारा आयोजित सार्वजनिक नामकरण प्रतियोगिता के माध्यम से जमशेदपुर के चिड़ियाघर प्रेमियों द्वारा किया गया था। नवंबर 27 2025 को दिन के समय यह प्रसव हुआ। हालांकि, चिड़ियाघर की निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए तथा मां बाघिन और शावकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस सुखद समाचार की तत्काल घोषणा नहीं की गई।

यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि दोनों शावक अब पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्वस्थ हैं। चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा एवं देखभाल टीम द्वारा उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। शावकों के पिता का नाम रुद्र है, जिसका चयन भी उसी सार्वजनिक नामकरण प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था। 

मेघना और रुद्र, दोनों को नागपुर स्थित गोरवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाया गया था और दोनों ही वन्य प्रकृति के हैं। समुदाय की सहभागिता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, चिड़ियाघर जल्द ही जमशेदपुर के नागरिकों के लिए एक और सार्वजनिक नामकरण प्रतियोगिता आयोजित करेगा, जिसके माध्यम से बाघ परिवार के इन नवीन सदस्यों को नाम दिया जाएगा।

प्रतियोगिता के विजेताओं को विधिवत सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण घटना से संपूर्ण चिड़ियाघर परिवार में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है, विशेष रूप से इसलिए क्योंकि लंबे समय बाद चिड़ियाघर में बाघ शावकों का जन्म हुआ है। यह सुखद उपलब्धि चिड़ियाघर के लिए एक अहम पड़ाव है और वन्यजीव संरक्षण तथा पशु कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करती है। बहरहाल; रुद्रा परिवार बधाई के इंतजार में जमशेदपुर के नागरिकों का कर रहा है इंतजार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *