
संतकबीरनगर।लग्जरी शादी और ऐशो-आराम की चाह ने एक युवक को अपराध की दुनिया में धकेल दिया। जनपद संतकबीरनगर पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और थाना बखिरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना बलजीत यादव समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के हीरे जड़ित आभूषण व पीली धातु कुल वजन 162.110 ग्राम, अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये, 75,200 रुपये नकद तथा एक देसी तमंचा 12 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस कार्रवाई से जनपद में हुई चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसओजी प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी अभिमन्यु सिंह और थाना बखिरा प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 19 जनवरी 2026 को अभियुक्त बलजीत यादव निवासी बोक्टा थाना गीडा जनपद गोरखपुर, प्रिंस मिश्रा निवासी सिसवा सोनबरसा थाना हरपुर बुदहट जनपद गोरखपुर, महेन्द्र कुशवाहा निवासी इमलिहा लक्ष्मीगंज थाना रामकोला जनपद कुशीनगर, रवि निषाद निवासी सेक्टर 22 गीडा डिहवा थाना गीडा जनपद गोरखपुर तथा फारूख मोहम्मद शिकलगार निवासी डवलेश्वर थाना विटा जनपद सांगली महाराष्ट्र हाल मुकमा कस्बा सहजनवा थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना बलजीत यादव अपनी फरवरी माह में प्रस्तावित शादी को भव्य बनाने और होने वाली पत्नी को महंगे आभूषण देने के उद्देश्य से इस गिरोह का संचालन कर रहा था। गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद नकदी आपस में बांट ली जाती थी, जबकि सोने के आभूषणों को गलवाकर बेच दिया जाता था। पूछताछ में अभियुक्तों ने थाना बखिरा क्षेत्र की दो तथा थाना बेलहरकला क्षेत्र की एक चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर पीली धातु के ब्रासलेट, अंगूठियां, लॉकेट, टप्स, गला हुआ सोने का चिपड़ा, सफेद धातु की पायल, 75,200 रुपये नकद तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में बलजीत यादव और प्रिंस मिश्रा के विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में बढ़ते आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
