घर में चोरी की वारदात से हड़कंप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

कटरा बाजार,गोंडा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक घर में हुई चोरी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पीड़ित द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में घटना का विस्तृत विवरण देते हुए अब तक कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई गई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम परसौना अवस्थी चौराहा निवासी हृदयराम पुत्र गुल्ले अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ गए हुए थे।

दिनांक 02 फरवरी 2026 को लगभग 11 बजे जब वह अपने घर वापस लौटे, तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अटैची में रखा कीमती सामान गायब था।पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए सामान में एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी सोने की झुमकी, सोने का मंगलसूत्र (तीन टप्पा वाला), तीन जोड़ी चांदी की बिछिया सहित कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी शामिल हैं।

अज्ञात चोर घर में घुसकर यह कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हृदयराम ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 02 फरवरी 2026 और 08 फरवरी 2026 को स्थानीय थाना कटरा बाजार में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।अब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं अब यह देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है या फिर मामले को हर बार की तरह ठंडे बस्ते में दबा दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *