जनपद एटा के ब्लॉक संसाधन केंद्र अलीगंज में समेकित शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण 11 फरवरी से 16 फरवरी तक संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य दिव्यांग एवं सामान्य बच्चों को एक साथ बैठाकर सरल, सुगम एवं प्रभावी तरीके से शिक्षण कार्य सुनिश्चित करना है। शुक्रवार को प्रशिक्षण का तृतीय दिवस संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक अध्यापकों को समावेशी शिक्षा की अवधारणा, विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं की पहचान, कक्षा प्रबंधन कौशल तथा बच्चों की आवश्यकता के अनुरूप शिक्षण सामग्री के प्रयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार कक्षा का वातावरण सकारात्मक एवं संवेदनशील बनाया जाए, जिससे प्रत्येक बच्चा सहज महसूस कर सके।
स्पेशल एजुकेटर रोहिताश जी, शैलेश कुमार दुबे, अनिल यादव एवं अंजलि यादव ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने उदाहरणों और समूह गतिविधियों के माध्यम से बताया कि समावेशी शिक्षा का लक्ष्य केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ते हुए उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।
मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य यह है कि दिव्यांग और सामान्य बच्चे एक साथ बैठकर सरल और सुगम तरीके से शिक्षा प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की हीन भावना बच्चों में उत्पन्न न हो और वे आत्मविश्वास के साथ मुख्य धारा में शामिल हो सकें।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यालय स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर चर्चा कर समाधान खोजने का प्रयास किया। आयोजकों के अनुसार, आगामी दिनों में व्यक्तिगत शिक्षा योजना, अभिभावकों के साथ समन्वय तथा समावेशी वातावरण निर्माण जैसे विषयों पर भी गहन चर्चा की जाएगी।
