घटना में घायलों की हालत गंभीर, किया हायर सेंटर रेफर
थाना अलीगंज क्षेत्र में पचंदा के समीप सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि एक ही बाइक पर सवार जीजा-साले को गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिढ़पुरा कासगंज निवासी निर्णय तिवारी बाइक पर अपने साले आशीष के साथ सवार होकर कहीं जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर रामकिशन निवासी आमिलपुर, जनपद फर्रुखाबाद सवार थे। पचंदा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल आशीष ने बताया कि उनके भाई अनुभव की शादी आगामी 23 जनवरी को तय थी और बारात जानी थी। शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजन घायलों की हालत को लेकर गहरे सदमे में हैं।अलीगंज थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी।
घायलों को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया है और दोनों बाइकों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल चंद्रा ने बताया कि एंबुलेंस द्वारा लाए गए तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
