गोंडा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत कटराघाट पुल पर शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुल के दोनों ओर कुछ देर के लिए भारी जाम की स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल युवक को कर्नलगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

घायल की पहचान दीपक मिश्रा (उम्र करीब 24 वर्ष), निवासी पसका, थाना परसपुर के रूप में की गई है। सूचना मिलते ही कर्नलगंज पुलिस हरकत में आ गई। क्राइम इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार पुलिस टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और चिकित्सकों से घायल की स्थिति की जानकारी ली।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गोण्डा रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
