खड़ंजा मार्ग पर अवैध अतिक्रमण,पीड़ित ने संपूर्ण समाधान दिवस में की शिकायत

कर्नलगंज (गोंडा)। तहसील व थाना कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम नहवा परसौरा में खड़ंजा मार्ग पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर खड़ंजा मार्ग पर नांदा चन्नी व छप्पर रखकर किये गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने व दबंग अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नहवा परसौरा निवासी रवि पाण्डेय पुत्र विनोद कुमार ने दिये गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव के ही दीनानाथ, शिवानाथ एवं शिवनाथ पुत्रगण रामप्रताप द्वारा दबंगई के बल पर उनके घर आने-जाने वाले एकमात्र खड़ंजा मार्ग पर नांदा, चन्नी रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके साथ ही आरोप है कि विपक्षीगण ने मार्ग के एक हिस्से पर छप्पर भी रख लिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षियों द्वारा भद्दी गालियां दी गईं और फौजदारी पर आमादा हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि विपक्षीगण दबंग प्रवृत्ति के हैं और बहुपरिवारिक होने के कारण भय का माहौल बना हुआ है। रवि पाण्डेय ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि खड़ंजा मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटवाया जाए, ताकि उनके घर तक आवागमन सुचारु हो सके। संपूर्ण समाधान दिवस में दिए गए इस प्रार्थना पत्र के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *