जिले भर के पत्रकार साथियों, अधिवक्ता संघों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने दोनों को दी बधाई,उज्ज्वल भविष्य की कामना
गोंडा। ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीइ) में जनपद के दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक से जुड़े पत्रकारों ने सफलता अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के विकास खंड हलधरमऊ अंतर्गत ग्राम पंचायत गोनवा निवासी पंकज मिश्रा एवं ग्राम पंचायत पैरौरी चिंता पाण्डेय पुरवा निवासी अजय पाण्डेय ने परीक्षा उत्तीर्ण कर अधिवक्ता बनने का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

पत्रकारिता जगत में सक्रिय भूमिका निभा रहे पंकज मिश्रा ने सफलता पर कहा कि न्याय और सत्य के मार्ग पर चलकर समाज के कमजोर वर्ग की आवाज बनना ही उनका उद्देश्य रहेगा।
वहीं अजय पाण्डेय ने इस सफलता को परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों के सहयोग का परिणाम बताते हुए कानून के माध्यम से आमजन को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया। दोनों पत्रकारों की इस उपलब्धि को पत्रकारिता और विधि क्षेत्र का महत्वपूर्ण संगम माना जा रहा है।
पत्रकारिता के साथ-साथ विधि क्षेत्र में यह उपलब्धि दोनों के बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाती है। जिले भर के पत्रकार साथियों, अधिवक्ता संघों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि पत्रकारिता के अनुभव के साथ अधिवक्ता बनने से समाज को न्याय दिलाने की दिशा में एक नई, सशक्त भूमिका निभाई जाएगी।
