सुनील बाजपेई
कानपुर। आज रविवार सुबह लगातार जारी रफ्तार के कहर ने खेलते समय दो मासूम की जान ले ली। घटना से उनके परिवार में कोहरा मचा हुआ है । वहीं पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ फरार होने से पहले ट्रैक्टर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया ।
यह घटना कानपुर देहात में सट्टी थाना के गिरधरपुर ईंट भट्टा परिसर के पास हुई। इससे दोनों मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बारे में प्राप्त विवरण के अनुसार हमीरपुर के जलालपुर निवासी मूलचंद्र व जालौन के कदौरा निवासी माहेश्वरीदीन गिरधरपुर ईंट भट्टे पर ईंट पाथने का काम करते हैं। दोनों परिसर में ही झोपड़ी रखकर परिवार के साथ रहते हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह आठ बजे के करीब माहेश्वरीदीन का बेटा राजदीप (1) व मूलचंद्र का बेटा कृष्णा (2) भट्टा परिसर में खेल रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनको कुचल दिया। हादसे में दोनों मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद जानकारी पर परिजन दोनों बच्चों को सीएचसी पुखरायां ले आए। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने फरार होने के पहले ही चालक को मय ट्रैक्टर के गिरफ्तार कर लिया।
