बहराइच। फखरपुर थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को कोठारा गांव के पास ई-रिक्शा से जा रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने मंगलसूत्र छीन लिया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया था।
24 सितंबर की देर रात स्वाट टीम और थाना फखरपुर पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बाइक से भागला चौराहे की ओर आ रहे हैं। गांधी घाट भागल गांव के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सलमान के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, उसका साथी आरिफ उर्फ तस्लीम भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र सलीम और आरिफ उर्फ तस्लीम निवासी जनपद गोंडा के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी फखरपुर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का देशी तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल तथा पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
