बहराइच: डीएम-एसपी ने पयागपुर में किया पैदल गश्त, दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा परखी

विसर्जन मार्गों और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर

बहराइच। शारदीय नवरात्रि और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने थाना पयागपुर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और पूजा पंडालों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम और एसपी ने विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में लगातार गश्त करने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ संपन्न कराने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर कनिष्क आर. जामकर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *