संदिग्ध परिस्थितियों में लाखों की चोरी,8 से 9 लाख रुपए का नुकसान का अनुमान

अगतिया सराय में दो भाइयों के मकान का ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने शुरू की जांच

अलीगंज। थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम अगतिया सराय में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो भाइयों के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और करीब एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि चोरी की घटना थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग स्थित मकान में हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

ताला तोड़कर घर में घुसे चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अगतिया सराय निवासी राजकुमार पुत्र रामसेवक और उनके भाई राजवीर का मकान गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित है। बीती रात दोनों भाई का परिवार गांव में बने दूसरे मकान में सोने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के अनुसार लगभग 8 से 9 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान बताया गया है।

*जेवरात और धान बिक्री की नकदी चोरी

पीड़ित राजकुमार के अनुसार, चोर पायल, झाले, लर, दो अंगूठियां, दो जोड़ी तोड़ियां, करधनी सहित अन्य जेवरात और करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। यह नकदी धान बेचने के बाद घर में रखी गई थी। सुबह करीब पांच बजे जब मकान मालिक घर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था।

पुलिस ने शुरू की छानबीन

थाना प्रभारी चंद्रशेखर त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवार से जुड़े कुछ विवादों के चलते मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप सिह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *