जलते सिलेंडर को नाले में डालने और बोरों से ढकने पर भी नहीं बुझी आग, गैस खत्म होने पर थमी लपटें
अलीगंज। कस्बे के मोहल्ला सुदर्शन दास में रविवार सुबह गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलेंडर से करीब छह फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। घनी आबादी के बीच हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। गनीमत रही कि आग आसपास के घरों तक नहीं पहुंची और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

चाय बनाते समय सिलेंडर में लगी आग
मोहल्ला निवासी मनोज के अनुसार, उनकी बहन शनिवार को आगरा से आई थीं। रविवार सुबह वह घर में चाय बना रही थीं, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब छह फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। मनोज ने बताया कि आग की लपटें देखकर परिवार के लोग घबरा गए और कुछ देर तक उन्हें समझ नहीं आया कि क्या करें।
नाले में डालने पर भी नहीं बुझी आग
परिवार के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मनोज जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर नाले में डाल आए। इसके बावजूद आग की लपटें जारी रहीं। सिलेंडर को बोरों से ढककर भी आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
गैस खत्म होने के बाद बुझी आग
मनोज के मुताबिक, सिलेंडर करीब आधे घंटे तक जलता रहा। घटना इतनी अचानक हुई कि उनके अनुसार, अग्निशमन विभाग को सूचना देने का मौका नहीं मिला। अंततः सिलेंडर में गैस समाप्त होने के बाद आग बुझ गई।
घनी आबादी में हुई इस घटना के दौरान बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहा। हालांकि, आग आसपास के मकानों तक नहीं फैली और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
