कई बार डीएम को दे चुकीं प्रार्थना पत्र, संपूर्ण समाधान दिवस में भी लगाई गुहार; कार्रवाई न होने का आरोप
अलीगंज। थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम हरनरायनपुर, ग्राम पंचायत गैसिंहपुर निवासी रेणु देवी पत्नी प्रेम सिंह ने गांव के कुछ लोगों पर अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश करने, खेत जोतने-बोने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे वह और उसका परिवार भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं।

पीड़िता के अनुसार, ग्राम गैसिंहपुर में गाटा संख्या 1302 की कृषि भूमि उसके नाम है और उस पर उसका वैधानिक अधिकार एवं कब्जा है। आरोप है कि 3 अक्टूबर और 12 अक्टूबर 2026 को जब वह अपने खेत में जुताई और बुवाई का कार्य करने पहुंची, तो गांव के नेमसिंह, उमेश पुत्रगण रामसेवक, सनी पुत्र नेमसिंह और विजयपाल पुत्र हरिराम ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से लैस होकर उसे खेत जोतने-बोने से रोक दिया।
रेणु देवी का आरोप है कि विरोध करने पर उक्त लोगों ने गाली-गलौज की और शिकायत करने पर उसके लड़के को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से वह अपनी जमीन पर खेती करने से डर रही है। परिवार को आशंका है कि खेत पर जाने पर उसके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है।

पीड़िता ने बताया कि वह कई बार जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगा चुकी है। इसके बाद अलीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया तथा उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बावजूद अब तक न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उसने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी कृषि भूमि पर सुरक्षित खेती करने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
