खैरीघाट क्षेत्र में स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के जेवरात, नकदी, तमंचा और कार बरामद
बहराइच। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार देर रात थाना खैरीघाट क्षेत्र में स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश और कांबिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना खैरीघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही रोड के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने या चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक खैरीघाट और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को दो चारपहिया वाहनों में सवार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी अर्टिगा कार से उतरकर पुलिस टीम पर गोली चलाने लगा। जवाब में आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कार में मौजूद तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी की पहचान थाना खैरीघाट क्षेत्र के अरनवा टिकुरी निवासी सम्भारी पुत्र भोखन के रूप में हुई है। वह थाना खैरीघाट का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान महेश चौहान और मोहित लाल, निवासी अरनवा टिकुरी, थाना खैरीघाट तथा अनिल विश्वकर्मा, निवासी मीहीपुरवा रेलवे क्रॉसिंग, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पीछे से आ रही दूसरी कार में सवार गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए वाहन पीछे कर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।
चोरी के जेवरात, नकदी और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक अर्टिगा कार, पीली और सफेद धातु के जेवरात तथा नकदी बरामद करने की जानकारी दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच सहित अन्य जनपदों में चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता की बात बताई है। पुलिस इन घटनाओं के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

मौके पर पहुंचे एसपी, दिए आवश्यक निर्देश
मुठभेड़ की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
