तीन लोगों की मौत से ग्रामीणों में दहशत, जांच में सात सैंपल पॉजिटिव और दो संदिग्ध मिले; सीएमओ ने गांव पहुंचकर लिया जायजा

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम हत्सारी में पिछले कई दिनों से वायरल बुखार और डेंगू का प्रकोप फैलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं। बीमारी से तीन लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। विभागीय टीम ने गांव में डेरा डालकर घर-घर मरीजों की जांच और बीमार लोगों की स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है।
युवती समेत दो मौतों से परिवारों में मातम
मृतक के परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, गांव में बुखार का प्रकोप कई दिनों से जारी है। बताया गया कि 19 वर्षीय शिवानी पुत्री वीरेंद्र सिंह की 16 अक्टूबर को डेंगू से मौत हो गई थी। वहीं, इसी परिवार में एक सितंबर को 50 वर्षीय राधेश्याम की भी बुखार और डेंगू से मौत होने की बात सामने आई है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति की मौत की भी जानकारी दी गई है। लगातार मौतों की खबरों से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुरू की जांच
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर घर-घर मरीजों की जांच कर रही है। बीमार लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि बीमारी की स्थिति स्पष्ट हो सके और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
सीएमओ ने गांव पहुंचकर लिया जायजा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) राजेंद्र प्रसाद ने ग्राम हत्सारी पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया। सीएमओ के अनुसार, टीम लगातार जांच कर रही है। मंगलवार को 11 सैंपल लिए गए, जिनमें सात पॉजिटिव और दो संदिग्ध पाए गए। संबंधित नमूनों को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए सीएचसी भेजा गया है।
गंदगी से मच्छर पनपने की शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह-जगह गंदगी होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। सीएमओ ने बताया कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए सीडीओ को अवगत कराया गया है। जल्द ही गांव में सफाई व्यवस्था बेहतर कराने की बात कही गई है।
