तेज रफ्तार बुलेट पेड़ से टकराई, युवक की मौके पर मौत

अलीगंज। थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम नगला मोहन में बुधवार को तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के थाना औंछा क्षेत्र के ग्राम नगला पीपल निवासी सुमित कुमार पुत्र रनवीर सिंह बुधवार को सरौठ गांव तरफ से अपनी बुलेट बाइक से मैनपुरी स्थित अपने घर जा रहे थे। बताया गया कि वह बाइक तेज गति से चला रहे थे। इसी दौरान जसरथपुर क्षेत्र में महाराजपुर के पास सड़क पर आए तीव्र मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही थाना जसरथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। सुमित का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई।

थानाध्यक्ष सुबोध उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया गया है। पुलिस घटना की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

दिलीप सिंह अलीगज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *