कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, देर रात तक माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा दरबार अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला सुदर्शन दास में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां आयोजित भव्य देवी जागरण में माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। जागरण में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने पहुंचकर माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई। अलीगढ़ से आए कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

देवी जागरण का शुभारंभ विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। जैसे ही ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ और ‘अंबे तू है जगदंबे काली’ जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजीं, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु तालियों की गूंज के बीच भजनों पर झूमते और माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए। भजन संध्या के दौरान कलाकारों ने अपनी गायकी से ऐसा माहौल बनाया कि देर रात तक पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। जागरण का मुख्य आकर्षण अलीगढ़ से आए कलाकारों की ओर से प्रस्तुत की गई मनमोहक धार्मिक झांकियां रहीं।
देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की शानदार वेशभूषा, सजीव प्रस्तुतियों और आकर्षक मंच सज्जा को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। बीच-बीच में गूंजते माता रानी के जयकारों से पूरा मोहल्ला गुंजायमान होता रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के भजनों का आनंद लेने के साथ परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक आयोजन ने मोहल्ले में उत्सव और उल्लास का माहौल बना दिया। जागरण संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आयोजक राजीव गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, विधायक पुत्र सूरज राठौर, चेयरमैन प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता, बॉबी, प्रदीप गुप्ता, मनी, सूर्यकांत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
