परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प पर बीडीओ सख्त, सचिवों को दिए कड़े निर्देश


बाउंड्रीवाल से लेकर प्रत्येक सुविधाओं पर जोर, पंचायतवार कार्यों को लेकर हुई समीक्षा बैठक

अलीगंज।परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए ब्लॉक प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय अलीगंज में बीडीओ डॉ. शिव शंकर शर्मा ने विद्यालयों के कायाकल्प कार्यों को लेकर बैठक की। इसमें ग्राम पंचायत सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता पर कराया जाए। बाउंड्रीवाल, बालक-बालिका शौचालय, मूत्रालय, कक्षों में टाइल्स और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में विद्यालयों में कराए जाने वाले कायाकल्प कार्यों की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए बीडीओ ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए पंचायतों के माध्यम से विद्यालयों में आवश्यक निर्माण और सुधार कार्य कराए जाएं। जिन विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां जरूरत के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

बीडीओ ने सचिवों को निर्देशित किया कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बाउंड्रीवाल, बालक-बालिका शौचालय, मूत्रालय, कक्षों में टाइल्स और रनिंग वाटर सहित पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। इन कार्यों से विद्यार्थियों को होने वाली परेशानियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

विद्यालय परिसर की सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना संबंधित पंचायतों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कायाकल्प के कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यालयों में उनका वास्तविक लाभ दिखाई देना चाहिए। ग्राम पंचायत सचिव अपने क्षेत्र के विद्यालयों की जरूरतों के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाएं और निर्माण की गुणवत्ता का ध्यान रखें। कायाकल्प के तहत होने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने और विद्यालयों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीओ पंचायत राकेश कुमार, एबीएसए विनोद कुमार, कंसल्टेंट इंजीनियर और ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *