बूथों पर पहुंचकर एसडीएम ने परखी मतदाता अभियान की हकीकत


18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम जोड़ने पर दिया जोर

अलीगंज मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए चलाए जा रहे बूथ अभियान को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। पात्र युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं को सूची से जोड़ने के लिए शनिवार को उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर और तहसीलदार संजय कुमार ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर अभियान की जमीनी हकीकत परखी।

अधिकारियों ने बूथों पर चल रही प्रक्रिया का जायजा लेने के साथ कर्मचारियों को अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम और तहसीलदार डीएवी इंटर कॉलेज, नई तहसील परिसर तथा पीएमश्री विद्यालय में बनाए गए बूथों पर पहुंचे। यहां उन्होंने मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। संबंधित कर्मचारियों से पूछा कि नए मतदाता बनाने के लिए कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं और पात्र लोगों को फार्म भरवाने के लिए किस तरह जागरूक किया जा रहा है।

एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक के लिए जरूरी है। खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों को अभियान से जोड़कर उनका फार्म-6 भरवाया जाए, जिससे वे आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथों पर आने वाले लोगों को आवेदन प्रक्रिया की सही जानकारी दी जाए और नाम जुड़वाने में किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।

तहसीलदार संजय कुमार ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि घर-घर और बूथ स्तर पर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करें। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों की पहचान कर उनके आवेदन भरवाए जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अधिक समावेशी बनाने के लिए पात्र नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए बूथ स्तर पर जागरूकता के साथ फार्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *