अलीगंज आगामी त्योहारों शिवरात्रि, रमजान और होली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली अलीगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी अलीगंज नीतीश गर्ग ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिवरात्रि से पूर्व नगर के प्रमुख मार्गों पर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि जलापूर्ति सुचारू बनी रहे। क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सबसे बड़ी समस्या माने जा रहे जाम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए साथ ही कहा कि जिन दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से फुटपाथ या सड़क पर अतिक्रमण किया गया है, वे अपनी निर्धारित सीमा में ही दुकान लगाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ अतुल कुमार को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था खराब है, वहां तत्काल सुधार कराया जाए तथा खंभों पर सुरक्षा की दृष्टि से तिरपाल व पन्नी लगवाई जाए।

वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत सरल को सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने और जिन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, उन्हें चिन्हित कर लगाने के निर्देश दिए गए। बीडीओ शिव शंकर शर्मा को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में दिनेश चंद गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सूर्यकांत गुप्ता, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष विनोद आर्य, जिला महामंत्री कुंवर आशीष राजपूत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
