दादी की गोद से मासूम को खींचने लगा तेंदुआ, ग्रामीणों के शोर मचाने पर छोड़ा; 4 वर्षीय बच्चा घायल

बहराइच। जिले के राणा फार्म मटेही में मंगलवार शाम करीब पांच बजे तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। घर के आंगन में दादी की गोद में बैठे चार वर्षीय मासूम बच्चे को गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने अपना शिकार बनाने की कोशिश की। तेंदुए ने बच्चे को जबड़े में दबोचने का प्रयास किया, लेकिन दादी ने हिम्मत दिखाते हुए पोते को सीने से लगाए रखा और शोर मचाना शुरू कर दिया।

बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तेंदुए को भगाने के लिए हांका लगाया। लोगों की भीड़ और शोरगुल देखकर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर गन्ने के खेत की ओर भाग गया। हालांकि, हमले में बच्चे के सिर और पीठ पर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी मोतीपुर रेफर घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली लेकर पहुंचे।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद बच्चे की हालत को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया गया। वन विभाग ने बढ़ाई इलाके में गश्त घटना की सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार के निर्देश पर वनरक्षक अब्दुल सलाम की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वन विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चे का हालचाल भी जाना।

वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। गजमित्रों की टीम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है, ताकि तेंदुए के हमलों की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *