देवतरिया में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल यूनिट ने 45 मरीजों का किया उपचार, 20 की डेंगू-मलेरिया जांच

एक मरीज के डेंगू पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग हुआ सक्रिय, सभी जांच रिपोर्ट आईं नेगेटिव

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम देवतरिया में एक मरीज के डेंगू पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। सीएमओ राजेंद्र प्रसाद के निर्देश पर गांव में मोबाइल यूनिट एंबुलेंस भेजकर स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, 20 मरीजों की डेंगू और मलेरिया की जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिनों ग्राम देवतरिया निवासी लवकुश का पुत्र वायरल बुखार से पीड़ित हो गया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां जांच के दौरान उसकी रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में जांच और उपचार की व्यवस्था की।

सीएमओ राजेंद्र प्रसाद के निर्देश पर पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट ने गांव में घर-घर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई और मरीजों का परीक्षण किया। शिविर में 20 लोगों की डेंगू एवं मलेरिया जांच भी कराई गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव मिली।

इसके साथ ही सीएमओ ने गांव में साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव और बुखार होने पर तत्काल जांच कराने के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉक्टर शिवम यादव आईटी रोहित कुमार फार्मासिस्ट ललित कुमार स्टाफ नर्स अनिल कुमार मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *