UPSSSC PET परीक्षा केंद्रों का DM और SP ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

किसान डिग्री कॉलेज, तारा इंटर कॉलेज और महिला महाविद्यालय पहुंचकर अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बहराइच, 30 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किसान डिग्री कॉलेज (KDC), तारा इंटर कॉलेज और महिला महाविद्यालय पहुंचकर परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, आवागमन और उनके लिए की गई सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और केंद्रों पर किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान पुलिस बल की प्रभावी तैनाती और लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।

प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा आपसी समन्वय से परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *