राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प

बहराइच। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बहराइच पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर एसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उनके संकल्प का स्मरण कराया।

कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही देश में आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर कनिष्क आर. जामकर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय प्रद्युम्न सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों और चौकियों पर भी राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पुलिसकर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *