सूचना आयुक्त ने पत्नी संग यज्ञशाला में दी आहुति, आरती के बाद देर शाम तक चला भंडारा
अलीगंज सात दिनों तक भक्ति, आस्था और श्रीकृष्ण की लीलाओं से सराबोर रहा अलीगंज का धार्मिक वातावरण शनिवार को पूर्णाहुति और हवन के साथ भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया। श्री सात्विक विष्णु महायज्ञ एवं श्रीकृष्ण लीला के समापन अवसर पर यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही। यज्ञ में आहुति देने और भगवान के दर्शन करने के लिए सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था।कथा और धार्मिक आयोजनों के समापन के बाद प्रातः सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता अपनी पत्नी के साथ यज्ञशाला पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से हवन में आहुतियां अर्पित कीं और भगवान की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसी क्रम में पूर्व चेयरमैन प्रदीप कुमार गुप्ता ने भी अपनी पत्नी के साथ यज्ञशाला में पहुंचकर हवन किया और आरती में सहभागिता की। वैदिक मंत्रों और धार्मिक जयकारों के बीच यज्ञशाला का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

सात दिनों तक चले इस आयोजन में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रीकृष्ण लीला का मंचन किया गया। लीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों और भक्ति भाव का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया गया। शाम के समय कथा और लीला का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचते रहे। वहीं सुंदरकांड पाठ और यज्ञ में भी भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूर्णाहुति और आरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में सुबह से शुरू हुआ प्रसाद वितरण प्रभु इच्छा तक देर शाम तक निरंतर चलता रहा। आयोजन से जुड़े लोगों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने में सहयोग किया। भंडारे के दौरान सेवा और समर्पण का भाव देखने को मिला। इस अवसर पर सूर्यकांत गुप्ता, विनोद आर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ और रवि प्रकाश अग्रवाल अतुल राठी मुन्ना बाबू गुप्ता, सुरेश चंद्र गुप्ता, रामविलास वर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
