सवामनी एवं हवनोत्सव को लेकर बनी रणनीति, 18 दिसंबर को होगा भव्य आयोजन


संतकबीरनगर। श्री बालाजी कृपा ट्रस्ट की ओर से पंचम वर्ष सवामनी एवं हवनोत्सव का भव्य आयोजन 18 दिसंबर 2026 को खलीलाबाद स्थित हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए सोमवार को खलीलाबाद के लक्ष्मी नारायण मंदिर में ट्रस्ट की बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष दुधनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और श्री बालाजी भक्तों में उत्साह का माहौल है। नगरवासियों और श्रद्धालुओं को परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पंडित अनूप शर्मा बंगरा वाले छोटे महाराज का आगमन होगा। सवामनी एवं हवनोत्सव में श्रद्धालु सामूहिक पूजा-अर्चना, हवन, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन के माध्यम से श्री बालाजी महाराज के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को प्रेम, आस्था और सद्भाव के सूत्र में जोड़ने का अवसर है। श्री बालाजी महाराज की भक्ति के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, सेवा-भाव और सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाना ही आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *