कर्नलगंज में पत्रकार व उनके परिजनों से मारपीट,जान से मारने की धमकी, कार्रवाई न होने से रोष

खेत में गेहूं मड़ाई के दौरान दबंगई का आरोप, सोशल मीडिया पर भी अभद्र टिप्पणी

कोतवाल ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी का पत्रकारों को दिया आश्वासन

कर्नलगंज (गोंडा)। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में एक पत्रकार और उसके परिजनों सहित खेत में गेंहू मड़ाई काम में लगे मजदूरों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं हल्के में काफी समय से तैनात पुलिस कर्मी रामशरण मौर्य की कार्यशैली पर भी गंभीर आरोप लगा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोंचा कासिमपुर निवासी पत्रकार वीरेंद्र कुमार तिवारी 6 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे अपने खेत में कंबाइन मशीन से गेहूं की मड़ाई करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम सिकरी निवासी रवि दूबे मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने पत्रकार व उनके परिजनों और मजदूरों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में पत्रकार को घुटने और गले में चोटें आई हैं।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावर कृषि यंत्र की बैट्री भी मौके से उठा ले गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उल्टा कंबाइन चालक की मोटरसाइकिल थाने उठा ले गई। इसके अलावा, आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र व अपमानजनक टिप्पणियां कर पीड़ित की मानहानि करने और भय का माहौल बनाने का भी आरोप है।

पीड़ित ने संबंधित साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे है। वहीं हल्के में काफी समय से तैनात पुलिस कर्मी रामशरण मौर्य की निरंकुश कार्यशैली पर भी गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों में रोष व्याप्त है।

“द जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकार संगठन गोंडा से जुड़े पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल में शामिल एमडी मौर्य, पवनदेव सिंह, अभय प्रताप सिंह, अनुराग मिश्र, भूपेंद्र तिवारी,अंकज मिश्र, रविकांत मिश्र, शिवकुमार पाण्डेय, अंग्रेज़ गुप्ता सहित कई पत्रकारों ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की। मामले में कोतवाल कर्नलगंज ने शाम तक प्रकरण की जांच कराकर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी करने का आश्वासन पत्रकारों को दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *