शौर्य दिवस :1992 में स्थापित रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक विशिष्ट इकाई है, जो 15 बटालियनों के साथ दंगा नियंत्रण, सांप्रदायिक हिंसा, भीड़ प्रबंधन एवं अपनी त्वरित प्रतिक्रिया के लिए जानी जाती है, जो “संवेदनशील पुलिसिंग” के जरिए अमन-चैन बहाल करने का काम करती है।

उपरोक्त अनुसार शौर्य दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 09 अप्रैल 2026 को किया गया, जिसमें Rapid Action Force (द्रुत कार्य बल/आरएएफ) की विभिन्न वाहिनियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया। वहीं बताते चले की कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ के वर्तमान महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 106 आरएएफ वाहिनी को “सर्वश्रेष्ठ परिचालनिक वाहिनी” के खिताब से सम्मानित करते हुए ट्रॉफी प्रदान किए। इस अवसर पर आरएएफ की वर्तमान महानिरीक्षक सीमा ढुंडिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और 106 बटालियन का हौसला बुलंद किया। एक सौ छ: आरएएफ वाहिनी ने अपने कमांडेंट राजीव कुमार के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों में उत्कृष्ट परिचालनिक कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वाहिनी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ। इसी क्रम में शौर्य दिवस के अवसर पर 106 वाहिनी, सुंदरनगर, जमशेदपुर परिसर में शहीदों को भावभीनी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। उपरोक्त के दौरान वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी सचिदानन्द मिश्र के नेतृत्व में उप कमांडेंट बच्चन देव कुमार, सहायक कमांडेंट धंसे लक्ष्में एवं राजीव कुमार सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने भाग लिया। वाहिनी में शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में सैनिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा बड़ा खाना का भी आयोजन किया गया। सीआरपीएफ एवं आरएएफ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम शौर्य, समर्पण एवं सेवा भावना का प्रतीक रहा।
