IIMC में दाखिले की ई-काउंसलिंग शुरू, 7 जून तक करें पंजीकरण


नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित मीडिया शिक्षण संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छह एमए और चार पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ई-काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 7 जून 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि प्रथम सीट आवंटन सूची 9 जून को जारी की जाएगी।


इस वर्ष आईआईएमसी ने तीन नए एमए कार्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें एमए इन हेल्थ कम्युनिकेशन, एमए इन मीडिया एंड कम्युनिकेशन एडमिनिस्ट्रेशन तथा एमए इन कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन एंड ब्रांड मैनेजमेंट शामिल हैं। प्रवेश प्रभारी एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार गोस्वामी ने बताया कि नए पाठ्यक्रमों के साथ संस्थान अब अपने छह परिसरों—नई दिल्ली, ढेंकनाल, आइजोल, अमरावती, जम्मू और कोट्टायम—में कुल छह एमए कार्यक्रम संचालित कर रहा है।


आईआईएमसी के चार प्रतिष्ठित पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में अंग्रेजी पत्रकारिता, हिंदी पत्रकारिता, रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क शामिल हैं। एमए कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पास जनसंचार एवं पत्रकारिता (CUET-PG, COQP-17) में वैध स्कोर तथा स्नातक स्तर पर न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। वहीं पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों के लिए वैध सीयूईटी-पीजी स्कोर के साथ स्नातक डिग्री आवश्यक है।
पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों के लिए आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए 25 वर्ष, ओबीसी वर्ग के लिए 28 वर्ष तथा एससी, एसटी एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 30 वर्ष निर्धारित की गई है। यह सीमा 1 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।


संस्थान ने अभ्यर्थियों को पंजीकरण से पूर्व प्रवेश सूचना एवं विवरणिका ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। आवेदन के दौरान पाठ्यक्रम और परिसर की प्राथमिकताएं सावधानीपूर्वक भरनी होंगी, क्योंकि फॉर्म जमा होने के बाद इनमें किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।


प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 20 हजार रुपये का सीट स्वीकृति शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष शिक्षण शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जन्मतिथि सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र तथा स्नातक की अंतिम अंकतालिका प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।


आईआईएमसी ने बताया कि स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकेंगे। आरक्षित वर्ग के वे अभ्यर्थी जो प्रवेश के समय जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर प्रमाणपत्र जमा करने के लिए वचन पत्र देने की सुविधा प्रदान की जाएगी।


प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आईआईएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विवरण प्राप्त कर सकते हैं तथा किसी भी प्रश्न के लिए संस्थान के आधिकारिक ईमेल पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *