देर रात घर में फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा थाना अलीगंज क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में पारिवारिक कलह के चलते एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार काशीराम कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय शमशाद पुत्र अनवार ने तीन नवंबर की देर रात घर में फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वहां अफरा-तफरी मच गई। शमशाद को फंदे पर लटका देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कॉलोनी के लोगों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि शमशाद की पहली पत्नी का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पहली पत्नी से उसकी दो बेटियां हैं। पत्नी की मृत्यु के बाद दोनों बच्चियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी शमशाद पर ही थी। ऐसे में बच्चियों की देखभाल और परिवार की जिम्मेदारियों को देखते हुए उसने करीब एक माह पूर्व दूसरी शादी कर ली थी।
बताया जा रहा है कि दूसरी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक विवाद के चलते उसने देर रात यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी में भी शोक का माहौल है।
वहीं दो मासूम बच्चियों के सिर से पहले ही मां का साया उठ चुका था, अब पिता की मौत के बाद उनके भविष्य और परवरिश को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।सीओ राजेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने पर थाना अलीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
