बहराइच ।दिनांक 09.05.2026 को पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा थाना सुजौली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी प्रार्थना पत्रों को विधिवत रजिस्टर में अंकित कर उनका समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में थाना प्रभारी द्वारा स्वयं फरियादियों से फीडबैक प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया ।

मालखाना निरीक्षण के दौरान माल मुकदमाती को क्रमवार एवं वर्षवार सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा संबंधित रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अद्यतन एवं व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।

मेस का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर, हवालात, बैरक एवं शौचालयों का अवलोकन कर समुचित स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता एवं संसाधनों के उचित रख-रखाव हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं उनकी उचित दिशा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उसका त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें ।

थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त थाने पर नव नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों से संवाद स्थापित कर उनके प्रशिक्षण, आवास एवं भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्रान्तर्गत स्थित गिरजा बैराज गार्द को भी चेक किया गया, जहां 02 पुलिसकर्मी अनुपस्थित पाए गए । उक्त कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जा रही है ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त अधिकारी/कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे ।
