नहीं थम रही हर्ष फायरिंग, एक और वीडियो वायरल


अवागढ़ थाना क्षेत्र के नयाबांस गांव का बताया जा रहा वीडियो, पुलिस जांच में जुटी


एटा। जनपद में हर्ष फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव नयाबांस से कथित तौर पर हर्ष फायरिंग का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति धार्मिक आयोजन के दौरान रायफल से लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।


जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक यह वीडियो अवागढ़ थाना क्षेत्र के नयाबांस गांव का है, जहां कथा कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।


गौरतलब है कि इसी गांव से कुछ दिन पूर्व भी श्रीमद्भागवत कथा के दौरान हर्ष फायरिंग का एक वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस ने जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।


अब सोशल मीडिया पर सामने आए इस नए वीडियो के बाद एक बार फिर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करती है।



दिलीप सिंह, मंडल ब्यूरो, एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *