बहराइच: पुलिस मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामिया हिस्ट्रीशीटर घायल, चोरी के सामान व तमंचे के साथ गिरफ्तार


बहराइच। जनपद के थाना बौंडी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामिया हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और अवैध तमंचा बरामद किया गया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।


पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना बौंडी पुलिस संयुक्त अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खैरा बाजार से आगे कुदई मार्ग पर कुछ अपराधी चोरी की योजना बना रहे हैं।


सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के बाएं पैर में लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।


गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान असलम पुत्र नदीम निवासी सारी मेहराबाद, थाना रामगांव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹16 हजार नकद, दो जोड़ी चांदी जैसी धातु की पायल, आठ बिछिया, एक देसी तमंचा 315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।


पुलिस के अनुसार असलम थाना रामगांव का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना फखरपुर से गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था तथा उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।


मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *