अनुसूचित जाति आयोग के शीघ्र गठन की उठी मांग, विजय शंकर नायक ने सौंपा ज्ञापन

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू को अनुसूचित जाति आयोग के शीघ्र गठन की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। स्टेट गेस्ट हाउस में हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने संविधान के अनुच्छेद-338 की भावना के अनुरूप राज्य में अनुसूचित जाति आयोग का तत्काल गठन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ज्ञापन में कहा गया कि अनुसूचित जाति समुदाय आज भी सामाजिक भेदभाव, अत्याचार, शोषण तथा विकास से जुड़े अनेक गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है। ऐसे में एक सशक्त और स्वतंत्र आयोग का गठन आवश्यक है, ताकि समुदाय के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित हो सके। विजय शंकर नायक ने आयोग को अत्याचारों की जांच, आरक्षण नीति और कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी, सामाजिक-आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए अनुशंसाएं करने तथा राज्य सरकार को आवश्यक सुझाव देने जैसी व्यापक शक्तियां प्रदान करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग का गठन दलित समाज की लंबे समय से लंबित और न्यायसंगत मांग है। आयोग के अभाव में समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की मूल भावना के प्रति प्रतिबद्ध है तथा इस मांग को हर स्तर पर मजबूती से उठाती रहेगी।

कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस मांग को पार्टी नेतृत्व एवं राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि अनुसूचित जाति आयोग के गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *