भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ का भंडाफोड़, पंजाब वॉरिस संगठन के दो सक्रिय सदस्य समेत पांच गिरफ्तार

नवयुग समाचार

बहराइच। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध घुसपैठ के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बहराइच पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने पंजाब वॉरिस संगठन के दो सक्रिय सदस्यों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, अमेरिकी पासपोर्ट, विदेशी मुद्रा, बैंक कार्ड, मोबाइल फोन, वाहन तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 22 जुलाई की रात विशेष खुफिया सूचना पर बीआईटी चेक पोस्ट पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त जांच के दौरान एक इनोवा कार को रोका गया। जांच में पता चला कि नेपाल से एक अमेरिकी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराया जा रहा था।

पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने अमेरिका निवासी मनवीर सिंह डिल्लो, पंजाब निवासी विक्रमजीत सिंह, वाहन चालक राहुल कुमार, तथा सहयोगी सुरेश कुमार पाठक और दिलीप उर्फ राहुल पाठक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कर भारत-नेपाल सीमा के रास्ते अवैध घुसपैठ कराने का संगठित नेटवर्क चला रहे थे। प्रारंभिक जांच में पंजाब के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से भी आरोपियों का संबंध सामने आया है।

बरामदगी में एक आईफोन 17 प्रो मैक्स, अमेरिकी पासपोर्ट, बैंक ऑफ अमेरिका का डेबिट कार्ड, अन्य बैंक कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 900 अमेरिकी डॉलर, नेपाली मुद्रा, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल तथा इनोवा कार शामिल हैं।

इस संबंध में थाना रूपईडीहा पर बीएनएस की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336, 340(2), 61 तथा आव्रजन एवं विदेशी विषयक नियम-2025 की धारा 21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य राज्यों से जुड़े संबंधों की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *