कोटा डीलरों की बैठक में वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

अलीगंज। नवीन तहसील सभागार में गुरुवार को जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता के नेतृत्व में अलीगंज क्षेत्र के राशन कोटा डीलरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने, राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता ने कोटा डीलरों को वितरण प्रणाली से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने राशन के सही रखरखाव और समय से वितरण करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, केवाईसी तथा फार्मर आईडी से संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए डीलरों से पात्र लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने राशन वितरण प्रतिशत बढ़ाने के संबंध में भी कोटा डीलरों को दिशा-निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि राशन वितरण के दौरान सभी लाभार्थियों के साथ भाषा शैली का विशेष ध्यान रखा जाए। उपभोक्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उचित समाधान कराने का प्रयास करें।

बैठक में राशन कार्ड से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी कोटा डीलरों को दी गई। अधिकारियों ने राशन कार्डधारकों को शासन की योजनाओं का लाभ सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान खाद्य पूर्ति निरीक्षक हरीश रंजन सहित अलीगंज क्षेत्र के सभी कोटा डीलर मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीलरों से शासन के निर्देशों का पालन करते हुए वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने की अपील की।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *