नन्हे कान्हा-राधा ने मोहा मन, जन्माष्टमी पर स्कूल में बिखरी भक्ति की छटा

श्रीकृष्ण, राधा, कंस और सुदामा के रूप में सजे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, गूंजा विद्यालय परिसर

अलीगंज।जी. डी. इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जन्माष्टमी की धार्मिक परंपराओं से जुड़े विभिन्न रंगों ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा, कंस और सुदामा सहित विभिन्न पात्रों का रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। रंग-बिरंगी फैंसी पोशाकों में सजे बच्चों की मासूम अदाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। नन्हे कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े पात्रों को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा प्ले ग्रुप से कक्षा दो तक के बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। नन्हे कदमों पर थिरकते बच्चों ने जन्माष्टमी के गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की मासूमियत, उत्साह और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। मंच पर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

जन्माष्टमी के इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराने के साथ ही उनमें मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का आत्मविश्वास विकसित करना रहा। विद्यालय की ओर से बच्चों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रधानाचार्य आकाश शुक्ला ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर होने वाले सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को इसी तरह आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और विद्यालय में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन, सहयोग की भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। विद्यालय परिवार ने बच्चों की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया और जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान स्कूल मैनेजर श्रीमती सुधा यादव, डायरेक्टर यश यादव, प्रधानाचार्य आकाश शुक्ला सहित विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *