त्योहारों के मद्देनजर पटाखा कारोबारियों पर प्रशासन की नजर, गोदामों में पहुंची जांच टीम

अलीगंज में देर रात चला अभियान, लाइसेंस से लेकर भंडारण क्षमता और अग्निशमन उपकरणों तक की जांच

अलीगंज। त्योहारों के दौरान पटाखों से होने वाली संभावित घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और भंडारण स्थलों की जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में बीती रात अधिकारियों ने कस्बे में कई पटाखा दुकानों और गोदामों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसडीएम शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और नायब तहसीलदार वरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ यह अभियान चलाया गया। टीम ने अलीगंज सराय रोड और मैनपुरी रोड पर स्थित पटाखा गोदामों सहित अन्य संबंधित स्थानों को चेक किया। निरीक्षण के दौरान गोदामों में मौजूद विस्फोटक सामग्री की मात्रा का मिलान निर्धारित भंडारण क्षमता से किया गया। इसके अलावा कारोबारियों के लाइसेंस तथा पटाखों के भंडारण से जुड़े आवश्यक मानकों को भी देखा गया।

अधिकारियों ने कारोबारियों को हिदायत दी कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित नियमों के तहत ही की जाए। गोदामों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखने तथा अग्निशमन उपकरण हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

प्रशासन की अचानक हुई जांच से पटाखा कारोबारियों में खलबली मची रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार बालियान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *