डकैती के 15.50 लाख रुपये, जेवरात व चरस बरामद; सीतामढ़ी के अंतर्जिला गिरोह से जुड़े हैं अपराधी

नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी
मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर डकैती गिरोह का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से डकैती की घटना से संबंधित 15.50 लाख रुपये नकद, जेवरात एवं चरस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश सीतामढ़ी के अंतर्जिला शातिर गिरोह से जुड़े हैं। इस गिरोह में नेपाल के दो अपराधियों के भी शामिल होने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।गिरोह के सदस्य वारदात को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम देते थे। घटना के दौरान न तो किसी वाहन का इस्तेमाल करते थे और न ही मोबाइल फोन का प्रयोग करते थे। इसी वजह से पुलिस को गिरोह तक पहुंचने और पूरे मामले का उद्भेदन करने में काफी समय लगा।गिरोह का सुराग मिलने के तुरंत पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर विशेष जांच टीम एसआईटी का गठन किया गया था।
टीम ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर डकैती गिरोह का खुलासा किया।एसपी स्वर्ण प्रभात ने एसआइटी टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने बहादुरी और बेहतर पुलिसिंग का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने टीम को 30 हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

एसआईटी में सिकरहना डीएसपी ढाका थानाध्यक्ष, कुंडवाचैनपुर थानाध्यक्ष, चिरैया थानाध्यक्ष, घोड़ासहन थानाध्यक्ष तथा डीआई ईओ के पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
