अलीगंज में शनिवार-रविवार अवकाश की मांग को लेकर अधिकांश बैंक रहे बंद

अलीगंज। सप्ताह में पांच दिन कार्य और शनिवार-रविवार को अवकाश की मांग को लेकर शुक्रवार को अलीगंज की अधिकांश बैंक शाखाओं में हड़ताल रही। हड़ताल के चलते भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), यूको बैंक, ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों की शाखाओं में बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने दो दिन के साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर बैंकिंग सेवाओं से दूरी बनाए रखी।

बैंक कर्मचारियों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में शनिवार और रविवार को अवकाश रहता है। ऐसे में बैंक कर्मचारियों को भी सप्ताह में पांच दिन काम करने के बाद शनिवार और रविवार को दो दिन का अवकाश दिया जाना चाहिए। कर्मचारियों की लंबे समय से यह मांग चली आ रही है। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को अलीगंज की अधिकांश बैंक शाखाएं हड़ताल के कारण बंद रहीं।

हड़ताल का असर बैंक शाखाओं में होने वाले रोजमर्रा के कामकाज पर दिखाई दिया। बैंकों में नगद जमा करने और निकालने, चेक क्लीयरेंस सहित अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हुए। वहीं सरकारी कामकाज से जुड़े बैंकिंग कार्य भी प्रभावित होने के कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक पहुंचे कई ग्राहकों को हड़ताल की जानकारी होने पर वापस लौटना पड़ा।

हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का खास असर नहीं पड़ा। यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहीं। इससे डिजिटल माध्यम से लेनदेन करने वाले ग्राहकों को राहत मिली। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांग सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू कर शनिवार और रविवार को नियमित अवकाश देने की है।दिलीप सिंह अलीगंज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *