सेवा संकल्प अभियान का डीएम ने बैठक कर दिये आवश्यक निर्देश

आम नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना ही उद्देश्य : डीएम-

श्रावस्ती। शासन के मंशानुसार प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। जनपद में उक्त अभियान के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक की गई।

इसमें अभियान के सफल संचालन और ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

अभियान के जरिए केंद्र सरकार की 12 साल और राज्य सरकार की 10 साल की जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत कई कार्यक्रम अलग-अलग चरणों में होंगे। शुरुआत में सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। सांस्कृतिक टोलियां नमो सेवा विषय पर नुक्कड़ नाटक करके जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करेंगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदी एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम, देश एवं प्रदेश में महिला एवं बाल विकास हेतु योजनाओं एवं कार्यक्रमों से आए बदलावों की जानकारी वाली एक पुिस्तका वितरत की जाएगी और प्राप्त पत्र पढ़ा जाएगा।

हेल्थी बेबी प्रतियोगिताओं का आयोजन एवं पुरस्कार वितरण, बच्चों को कॉमिक बुक्स, खिलोने, फल एवं मिठाई का वितरण, इसके अतिरिक्त पोषाहार/सामग्री वितरण किया जाएगा। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे। इनके जरिए पात्र लोगों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। अभियान के दौरान डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी। सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत संकल्प, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सेवा मेरा योगदान, सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। जनसेवा महाकुंभ जैसे खास आयोजन भी किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से जुड़े लाभार्थियों का डेटा तैयार करें। साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर विभागों के बीच तालमेल और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर लें। जिससे अभियान को सफल बनाया जा सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रवि प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, डी.सी.एन.आर.एल.एम संदीप कुमार सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं विभागाध्यक्षगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *