बदलते मौसम में वायरल बुखार का प्रकोप, अलीगंज सीएचसी पर उमड़े मरीज

सर्दी, खांसी, जुकाम और खुजली से पीड़ित मरीजों की बढ़ी संख्या, एक दिन में करीब 400 मरीजों का हुआ उपचार

अलीगंज। बदलते मौसम के साथ क्षेत्र में वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। गांवों से लेकर कस्बे तक सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और खुजली जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसके चलते अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। गुरुवार को अस्पताल में इलाज कराने के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी जांच कर उपचार किया।

स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पर्चा बनवाने से लेकर चिकित्सकों को दिखाने और दवा लेने तक मरीजों की आवाजाही बनी रही। बदलते मौसम के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों में मौसमी बीमारियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। मरीज बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम और त्वचा में खुजली जैसी समस्याओं से परेशान हैं।

सीएचसी अधीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण इन दिनों सर्दी, खांसी, बुखार, खुजली और वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीज अधिक संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों की स्थिति के अनुसार जांच कर उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को करीब 400 मरीजों को देखा गया, जबकि लगभग 40 मरीजों की आवश्यक जांच की गई। मरीजों को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने, साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *