सरयू नदी में तैरता मिला 18 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से हड़कंप- मची सनसनी

रविवार को फोन पर बुलाकर ले गए थे विवेक को, दो दिन बाद गौघटा बंधिया के पास मिला शव, पिता ने जताई साजिश

संवाददाता गोंडा

गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के गौघटा बंधिया गांव के पास सरयू नदी में मंगलवार सुबह 18 वर्षीय युवक का शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के दक्षिण पुरवा सरैया गांव निवासी विवेक (18) पुत्र सुरेश के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फोन आया और घर से निकल गया, फिर नहीं लौटा

परिजनों के मुताबिक रविवार दोपहर विवेक के मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन पर बात करने के बाद वह घर से यह कहकर निकला कि थोड़ी देर में आ रहा हूं। लेकिन देर शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और गांव में तलाश की। कोई सुराग न मिलने से परिवार चिंतित था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने सरयू नदी में शव तैरता देखा तो गांव में खबर फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विवेक के रूप में की।

पिता का आरोप- बुलाकर की गई हत्या

मृतक के पिता सुरेश का आरोप है कि उनके बेटे को फोन करके सोची-समझी साजिश के तहत बुलाया गया और हत्या कर शव को सरयू में फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद थाने में लिखित तहरीर देंगे। मृतक की मां सीता देवी और बड़े भाई राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेक दो भाइयों में छोटा था।
थानाध्यक्ष परसपुर ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *