स्टॉक रजिस्टर और कैश मेमो नहीं मिलने पर कार्रवाई, गड़बड़ी मिलने पर होगी विधिक कार्रवाई-
नवयुग समाचार संवाददाता
श्रावस्ती। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को जिले की तीनों तहसीलों में बीज प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने कुल 22 प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान संदेह के आधार पर बीज के 24 नमूने लिए गए, जबकि अनियमितता मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

तहसील इकौना में उपजिलाधिकारी और जिला कृषि अधिकारी की संयुक्त टीम ने पांच बीज प्रतिष्ठानों की जांच कर 11 नमूने लिए। कटरा बाईपास स्थित पांडेय किसान सेवा केंद्र पर कैश मेमो, बीज स्टॉक रजिस्टर और थोक विक्रेता से प्राप्त बीजों के कैश मेमो उपलब्ध नहीं मिले। इस पर प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तहसील भिनगा में उपजिलाधिकारी और उप कृषि निदेशक की टीम ने नौ प्रतिष्ठानों की जांच कर बीज के पांच नमूने लिए।

वहीं, जमुनहा तहसील में उपजिलाधिकारी और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए विकास कुमार की संयुक्त टीम ने आठ प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। यहां आठ नमूने लिए गए और दो प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता ने सभी बीज विक्रेताओं को स्टॉक एवं रेट बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर और कैश मेमो अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीज नियंत्रण आदेश, 1983 और बीज अधिनियम, 1966 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
