एसएसबी के पशु चिकित्सा शिविर में 362 पशुओं का किया उपचार

-तुरूषमा गांव में 36 पशुपालकों को मिला लाभ, सुईया स्थित श्वान दस्ते का भी हुआ मासिक निरीक्षण-

नवयुग समाचार संवाददाता

श्रावस्ती। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी की ओर से शुक्रवार को तुरुषमा गांव में पशु चिकित्सा सहायता शिविर आयोजित किया गया। इसमें 36 पशुपालकों के कुल 362 पशुओं का उपचार किया गया। शिविर का आयोजन सीमांत मुख्यालय एसएसबी लखनऊ के कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. ललित देऊरी के नेतृत्व में किया गया।

वाहिनी के अंतर्गत समवाय तुरुषमा के जीवंत गांव में आयोजित शिविर में पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य और देखभाल से संबंधित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस पहल से सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को लाभ मिला। इसके बाद डॉ. ललित देऊरी ने समवाय सुईया स्थित एसएसबी के श्वान दस्ते का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्वान परिचारकों को श्वानों के प्रशिक्षण, कार्यक्षमता, स्वास्थ्य, केनल प्रबंधन और परिचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्वानों की नियमित देखभाल और प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया। एसएसबी की यह पहल सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही वाहिनी के श्वान दस्ते की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *