मृतक के नाम पर फर्जी बैनामा कराना पड़ा महंगा : कोर्ट के आदेश पर 10 के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज

गोंडा)। मृतक व्यक्ति के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ा करके जमीन का फर्जी बैनामा कराना 10 लोगों को महंगा पड़ गया। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली कर्नलगंज पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य गंभीर धाराओं में 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम सकरौरा ग्रामीण के मजरा खालेपुरवा निवासी छेदी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में जमुना, राजाराम, अवध नरेश निवासी ग्राम पिपरी भलियन पुरवा, भास्कर दीक्षित निवासी मालवीय नगर गोंडा, लालता, कामता, गोमती, हरिश्चन्द्र, पार्वती, उर्मिला निवासी सकरौरा ग्रामीण खालेपुरवा थाना कर्नलगंज का नाम शामिल है।


एफआईआर के अनुसार, वादी छेदी के सगे भाई गयादीन निःसंतान थे। जुलाई 1986 में उनकी मृत्यु हो गई थी। उनके बाद दूसरे भाई रामपियारे व बाबूराम के पौत्र मनीष गयादीन के उत्तराधिकारी हुए। आरोप है कि जमुना, राजाराम व अवध नरेश ने अपने सहयोगी भास्कर दीक्षित के सहयोग से मृतक गयादीन के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा करके सितंबर 1986 में कूटरचित विक्रय विलेख तैयार करा लिया और उनकी आधी संपत्ति का बैनामा करवा लिया।

शेष संपत्ति बच्चन के लड़के लालता, कामता, गोमती, हरिश्चन्द्र के पक्ष में बैनामा करवा लिया। उस समय बैनामा लिखने के दौरान क्रेता की आवश्यकता नहीं होती थी। इसी कारण दस्तावेज पर क्रेतागण के हस्ताक्षर नहीं हुए। इसके बाद से मुकदमेबाजी शुरू हो गई। अपर आयुक्त, प्रशासन द्वितीय द्वारा पारित आदेश से यह स्पष्ट हो गया कि गयादीन के मरने के बाद फर्जी बैनामा लिखा गया है।

आरोप है कि इसके बाद भी आरोपीगण सितंबर 2026 में एकराय होकर मृतक गयादीन की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। पीड़ित ने थाने के साथ ही पुलिस अधीक्षक गोंडा से मिलकर तहरीर दी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। विवश होकर उसे न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।


प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्नलगंज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *