एटा। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके छोटे भाई एवं दो बार ग्राम प्रधान रहे रविंद्र सिंह यादव उर्फ मुखिया का मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जैथरा क्षेत्र सहित पूरे अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मंगलवार शाम करीब पांच बजे रविंद्र सिंह यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव अमृतपुर रघुपुर पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, शुभचिंतक और समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता गांव पहुंचने लगे। परिवार में शोक का माहौल है। भाई के निधन से पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि रविंद्र सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में ग्राम पंचायत स्तर पर रहकर जनसेवा को प्राथमिकता दी। वह लगातार दो बार ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए और करीब दस वर्षों तक ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी संभालते हुए गांव के विकास एवं ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे।उनके निधन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के सबसे छोटे भाई ने साझा की थी। सूचना मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और गणमान्य लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि रविंद्र सिंह यादव उर्फ मुखिया का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह आठ बजे उनके पैतृक गांव अमृतपुर रघुपुर में किया जाएगा। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
दिलीप सिह मंडल ब्यूरो एटा
